डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल में सोमवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब एम्स भोपाल और पीपुल्स यूनिवर्सिटी को बम से उड़ाने की धमकी वाला ई-मेल मिला। मेल में दावा किया गया कि दोनों परिसरों में सायनाइड ज़हर से लैस बम लगाए गए हैं, जो दोपहर 12:15 बजे विस्फोट करेंगे, और 11 बजे तक डॉक्टरों व छात्रों को बाहर निकालने की चेतावनी दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट मोड में आ गई। संबंधित थानों की टीमें बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंचीं। एम्स परिसर में बागसेवनिया थाना प्रभारी अमित सोनी के नेतृत्व में सघन तलाशी अभियान चला, जबकि पीपुल्स यूनिवर्सिटी में निशातपुरा टीआई मनोज पटवा और उनकी टीम ने पूरे कैंपस को खंगाला।